मुसीबत की घड़ी में गर्भवती महिला ने गंवाए 73 हजार रुपये
नई दिल्ली। मॉडल टाउन इलाके में एक घायल लावारिस कुत्ते को अस्पताल में भर्ती कराने का प्रयास एक गर्भवती महिला को काफी महंगा पड़ गया। दरअसल महिला की गली में किसी गाड़ी ने लावारिस कुत्ते को कुचल दिया था। उसे अस्पताल भिजवाने के चक्कर में पीड़िता ठगों के जाल में फंस गई। आरोपियों ने उससे एक ऐप डाउनलोड कराकर उसके पेटीएम खाते से 73 हजार रुपये उड़ा लिये। पीड़िता गर्भवती है और उसकी डेट भी नजदीक है। ऐसे में उसे चिंता सता रही है कि पैसे न होने पर उसकी डिलीवरी कैसे होगी। पीड़िता मन्नू सिंह की शिकायत पर मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता मन्नू सिंह परिवार के साथ डीडीए फ्लैट कल्याण विहार, मॉडल टाउन में रहती है। चार अप्रैल को किसी गाड़ी वाले ने उसकी गली में एक लावारिस कुत्ते को कुचल दिया था। इंसानियत दिखाते हुए मन्नू ने सोचा कि कुत्ते को अस्पताल भिजवा दिया जाए। इसके लिए उसने गूगल की मदद से जानवरों के अस्पताल का नंबर ढूंढा। उससे संजय गांधी एनीमल केयर अस्पताल का नंबर मिला। उसने दिए गए नंबर पर कॉल किया तो नितिन नामक युवक ने बताया कि उसे टोकन मनी के रूप में दस रुपये अस्पताल को पेटीएम के माध्यम से भेजने होंगे। उसके लिए उसे एक ऐप डाउनलोड करना होगा। पीड़िता को आरोपी ने क्यूएस ऐप का लिंक भेज दिया।
पीड़िता ने आरोपी के कहने पर लिंक से ऐप डाउनलोड कर लिया। इसके बाद आरोपी ने उसके मोबाइल को हैक कर पीड़िता के पेटीएम खाता जो एसबीआई से लिंक था। उससे दो बार में 73 हजार रुपये निकाल लिये। पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ तो उसने साइबर सेल, आरबीआई समेत अन्य जगहों पर ऑन लाइन शिकायत दी। इसके बाद थाने को भी सूचना दी गई। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने छानबीन के बाद पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।